अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के मुख्यालय क्षेत्र में जश्न की शाम ये शराब पहुंचने से पहले ही आबकारी विभाग ने कार्रवाई कर बड़ी सफलता हासिल की है। अंग्रेजी शराब ब्लैक डॉग की 300 पेटी शराब बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई जा रही है, जब्ती की घटना अंबिकापुर शहर से लगे कांतिप्रकाशपुर का है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि नए वर्ष के अंतराल में अवैध मदिरा के तस्करी की पूरी संभावना के मद्देनजर क्षेत्र में अपने सुत्रों द्वारा जानकारी मिली कि दरिमा मेन रोड पर मानिक प्रकाशपुर के पास दीपक ट्रांसपोर्ट का मालिक सौरभ सिंह भारी मात्रा में हरियाणा राज्य की शराब अवैध बिक्री हेतु लाया है, जिस पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने अल-सुबह ही सौरभ सिंह को उसके घर से उठाकर उसके किराए के गोदाम में ले जाकर तलाशी ली जहां टीम द्वारा गोदाम से 300 पेटी हरियाणा राज्य की ब्लैक डॉट व्हिस्की बरामद की गई। 300 पेटियों में 14400 नग ब्लैक डॉट व्हिस्की का पौवा था जिसमें 2590 लीटर विदेशी मदिरा व्हिस्की भरी हुई थी जिसका बाजार मूल्य लगभग 40 लाख रुपए है।












