रायपुर। राज्य में बुधवार को राजधानी रायपुर में 2 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई है। चीन में कोरोना के बढ़े मामलों एवं देश में नए वेरिएंट के आने से सरकार अलर्ट हो चुकी है।

चीन में कोरोना की बढ़ी देखते हुए केंद्र सरकार अलर्ट पर है। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ बैठक की। मंडाविया ने बताया कि कोरोना का खतरनाक चीनी वैरिएंट BF-7 सितंबर में ही भारत आ गया था। वडोदरा में एक NRI महिला में इसके लक्षण मिले थे। वह अमेरिका से वडोदरा आई थी। उसके कॉन्टैक्ट में आए 2 अन्य लोगों की भी जांच हुई थी, वहीं उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
इसके अलावा BF-7 के दो अन्य केस अहमदाबाद और ओडिशा में भी मिले थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की हाई लेवल मीटिंग में मंडाविया ने कहा कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है, पर भारत हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। हमने सभी संबंधित लोगों को अलर्ट रहने और निगरानी बढ़ाने को कहा है।
जानकारी मुताबिक एयरपोर्ट्स पर इंटरनेशनल फ्लाइट्स से आने वाले यात्रियों की रैंडम सैंपलिंग भी शुरू कर दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि कोरोना के सभी पॉजिटिव केस के सैम्पल्स जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजें, ताकि कोरोना के नए वैरिएंट का पता लगाया जा सके।











