अम्बिकापुर। सरगुजा कलेक्टर भोसकर विलास संदिपन बुधवार को उदयपुर तहसील के दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र खर्रा नगर के विशेष पिछड़ी जनजाति क्षेत्रों में दौरे पर पहुंचे। इस दौरान विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा के परिवारों ने मांदर की थाप पर लोक गीत गाकर कलेक्टर का स्वागत किया। कलेक्टर ने पीवीटीजी समुदाय के बीच जमीन पर बैठकर शाषन के समस्त कार्यप्रणाली पर चर्चा की। कलेक्टर ने पहाड़ी कोरवा बच्चों को हाई स्कूल शिक्षा प्राप्त कर नौकरी करने के इच्छुक युवकों को जिला मुख्यालय आकर काउंसलिंग प्राप्त करने कहा। कलेक्टर ने पीएम जनमन योजना के तहत पहाड़ी कोरवा परिवारों से आधार कार्ड, राशनकार्ड, पेयजल, जनधन खाते, विद्युत आदि सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएम जनमन योजना के तहत शामिल योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहाड़ी कोरवा परिवारों तक पहुंचे।

कलेक्टर ने गर्भवती माताओं से बात करते हुए उन्हें उचित इलाज और जांच हेतु निकट के शासकीय अस्पताल जाने की सलाह दी। खर्रा नगर में आयोजित शिविर में कलेक्टर ने पहाड़ी कोरवा परिवारों के बच्चों को जाति प्रमाण पत्र वितरण भी किया, जिस पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता जाहिर की।

सरगुजा कलेक्टर तड़के सुबह उदयपुर दौरे पर निकले जहां उन्होंने झिरमिट्टी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय तथा एकलव्य आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के शयनकक्ष, किचन, शौचालय, भवन तथा परिसर का जायजा लिया। उन्होंने यहां सोलर प्लेट की मरम्मत एवं व्यवस्थित करने, किचन शेड निर्माण कराए जाने, मेनगेट में सीसीटीवी की व्यवस्था किए जाने निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शौचालयों की सफाई लगातार हो तथा स्वास्थ्य जांच के लिए समय-समय पर चिकित्सक का आना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधीक्षिका को बच्चों की आवासीय सुविधा अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।











