दुष्कर्म के मामले में घिरे भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम को गिरफ्तार करने झारखंड पुलिस यहां वहां भटक रही है तो वहीं नेताम अपना पूरा ध्यान उपचुनाव पर दिए हुए हैं। ब्रह्मानंद का गांव गांव घूमकर जनसंपर्क कर वोट मांगने का वीडियो सामने आया है। उधर झारखंड पुलिस के डीएसपी कांकेर कोतवाली थाने पहुंचे हुए हैं।
कांकेर। छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम झारखंड पुलिस की नोटिस के बाद भी थाने में हाजिर नहीं हुए हैं। वह चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और लोगों से मिल रहे हैं। उनके प्रचार को लेकर भाजपा ने बकायदा पूरे दिन का समय-सारणी भी जारी किया है। वहीं नेताम की ओर से अब से कुछ देर पहले ही उनके वकील कांकेर थाने पहुंचे हैं। इसके बाद पुलिस के साथ बंद कमरे में चर्चा चल रही है।
झारखंड थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म मामले में भाजपा प्रत्याशी नेताम सहित तीनों आरोपियों के घरों के बाहर नोटिस लगाकर मंगलवार सुबह 10 बजे थाने में हाजिर होने के लिए कहा था, वहीं ब्रह्मानंद प्रचार के लिए निकल गए और अन्य आरोपियों का भी अभी तक पता नहीं है। इस बीच ब्रह्मानंद की ओर से अकलतरा विधायक सौरभ सिंह, वकील बीएस पांडे व अन्य पुलिस से बात करने के लिए पहुंचे हैं।

ब्रह्मानंद नेताम के चरामा स्थित आवास पर नोटिस लगाया गया है कि आपके खिलाफ झारखंड में जमशेदपुर के टेल्को थाने में दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट, षड्यंत्र करने और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज है। अत: जांच में सहयोग करते हुए 29 नवंबर की सुबह 10 बजे कांकेर कैंप थाने में उपस्थित हों। यह नोटिस विवेचना अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार के नाम से जारी किया गया है।












