सारंगढ़-बिलाईगढ़। एक ऐसी चोरी जिससे बड़ी रकम का पर्दाफाश हुआ। चोरी के मामले की तफ्तीश करने गई पुलिस ने जैसे ही फरियादी के घर में रखे काले रंग के बैग खोलकर देखे तो बैग में 100-200 और 500 रुपए के नोटों के बंडल थे। ये रकम एक दो लाख नहीं बल्कि पूरे 2 करोड़ 76 लाख रुपए थी। अब इतनी बड़ी रकम इस घर तक कैसे पहुंची ये बड़ी पहेली है, जिसे सुलझाने के लिए पुलिस जुटी हुई है तफतीश पर।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में रहने वाले शोभित नामदेव ने भटगांव थाना में शिकायत किया कि बुधवार तड़के चोरों ने उनके घर पर धावा बोलकर 15 लाख रुपये नकद और पांच लाख के सोने-चांदी के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम के साथ मुआवयना करने के लिए मौका-ए-वारदात पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को बेड के नीचे काले रंग के तीन बैग नजर आए। जब पुलिस ने उन बैगों को खोला तो लगातार रकम बरामद होने लगी जो बड़ी मात्रा में थी, मशीन के आने के बाद नोटों की गिरनी शुरू हुई, जो कई घंटों तक नॉन स्टाफ जारी रही। सभी नोट गिनने के बाद जो आंकड़ा सामने आया वह 2 करोड़ 76 हजार 400 रुपये निकला। पुलिस ने कैश को जब्त कर लिया है, लेकिन सवाल अभी यह है कि आखिर इस शख्स के पास इतना रुपया आया तो आया कहां से? एसडीओपी संजय तिवारी ने पुरी घटना की जानकारी दी। पुलिस इस मामले को आयकर विभाग को सौंपने की तैयारी कर रही है। छोटे व्यापारी के घर पर इतनी बड़ी बेनामी नकदी के मिलने के मामले ने कई सवाल खड़े किए जिनका जवाब आना बाकी है।
पिछले दिनों छत्तीसगढ़ में ईडी ने ताबड़तोड़ छापेमारी की कार्रवाई की थी। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं किसी धन कुबेर ने अपनी काली कमाई तो इस व्यापारी के घर नहीं रखी थी। ज्ञात हो कि पिछले महीने ही बिलासपुर में वन विभाग की महिला ठेकेदार के घर चोरी के मामले में गिरफ्तार बदमाशों से 42 लाख रुपये कैश बरामद हुआ था। अब सवाल यह है कि आखिर छोटे मोटे ठेकेदारों के घर पर इतनी भारी मात्रा में कैश कहां और कौन लाकर रख रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही और अब देखना यह है कि आखिर कब तक वो इस बेनामी कैश के असली मालिक तक पहुंच पाती है।











