रायपुर। छत्तीसगढ़ की दूरस्थ अंचलो में स्वास्थ्य सुविधाओं कि कमी को पुरा करने राज्य सरकार 5 हजार पदों पर डॉक्टर्स की भर्ती कर रही है। विधानसभा में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसकी आधिकारिक घोषणा की है। बता दें कि छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक डॉक्टरों की नियुक्ति करने जा रही है, ताकि आम लोग और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके।
राज्य सरकार 246 MBBS और 21 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति दे रही है, इनमें से 50 फीसदी की नियुक्ति प्रदेश के सुदूर अंचल बस्तर और सरगुजा संभाग के लिए की जा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा बीते दिनों स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया था कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने में सर्वप्रथम डॉक्टर्स की जरूरत है, लिहाजा जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन योजना के तहत किसी भी अस्पताल में जहां भी रिक्त पद है, वहां यदि कोई MBBS डॉक्टर या विशेषज्ञ डॉक्टर आवेदन देता है, तो उसे 24 घंटे के भीतर राज्य शासन से नियुक्ति मिलेगी
स्वास्थ्य विभाग में निचले कर्मचारियों, मेडिकल स्टाफ से लेकर चिकित्सकों के 5 हजार से ज्यादा पद रिक्त हैं, जिन्हें जल्द ही व्यापमं और छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के जरिए भरा जाएगा। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश में स्वास्थ्य कर्मियों का अटैचमेंट खत्म करने की बात कही है, ऐसी जानकारी मिली है कि बिना किसी कारण के ही दूरस्थ क्षेत्रों में पदस्थ स्वास्थ्य कर्मचारियों, नर्सिंग स्टाफ और चिकित्सकों को अन्यत्र मनचाही जगहों पर अटैच किया गया है, जिससे आम लोगों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।











