कोरिया। एंटी करप्शन ब्यूरो ने आज गुरुवार एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एस.ई.सी.एल. चिरमिरी में कार्यरत असिस्टेंट इंजीनियर संजय कुमार सिंह और कार्यालय अधीक्षक व्ही. श्रीनिवास को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया है।
जानकारी मुताबिक़ एस.ई.सी.एल. में ठेकेदारी का कार्य करने वाले अंकित मिश्रा ने एसीबी को शिकायत दर्ज करवाई कि उसे जी.एम. ऑफिस (एस.ई.सी.एल.) चिरमिरी द्वारा एक निर्माण कार्य का टेण्डर जारी किया गया था, जिसके दो महीने के बाद भी वर्कआर्डर नहीं जारी किया गया। इस पर अंकित मिश्रा ने संजय कुमार सिंह से मुलाकात की तो उन्होंने उसे 11,000 रुपये की रिश्वत की मांग की, अंकित रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने आरोपियों को रंगे हाथ पकड़वाने का निर्णय लिया। प्रार्थी के शिकायत के बाद आज एंटी करप्शन ब्यूरो ने कार्यवाई की, जिसमें संजय कुमार सिंह को प्रार्थी से 7,000 रुपये और व्ही. श्रीनिवास को 4,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके साथ ही आरोपियों के निवास स्थानों की तलाशी ली जा रही है, इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 7 और 12 पीसी एक्ट 1988 के तहत कार्रवाई की जा रही है।












