Search
Close this search box.

भारतीय संगीत के एक युग का अंत : आशा भोसले का पार्थिव शरीर पहुँचा घर..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मशहूर सिंगर आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। इस बात की पुष्टि उनके बेटे आनंद भोसले ने किया है। उन्होंने बताया कि आशा भोसले का अंतिम संस्कार कल (13 अप्रैल) शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में होगा। उन्होंने ये भी कहा कि जो लोग भी उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देना चाहते हैं, वे कल सुबह 11 बजे उनके घर आ सकते हैं। आशा भोसले के निधन के बाद म्यूजिक से लेकर सिनेमा, क्रिकेट और राजनेता भी सभी सिंगर को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

बता दें, विगत 11 अप्रैल शाम आशा भोसले को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी पोती जनाई भोसले ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया था कि अत्यधिक थकान और सीने में इन्फेक्शन की कारण उन्हें अस्पताल लाया गया है और अभी उनका इलाज चल रहा है।

शोक में डूबा भारत

उनके निधन से भारत शोक में डूब गया है। देश भर की मशहूर हस्तियां सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त कर रही हैं :…

एआर. रहमान ने क्या कहा?

ए.आर. रहमान ने इंस्टाग्राम पर आशा भोसले के साथ एक तस्वीर पोस्ट की और कैप्शन में लिखा, ‘वह अपनी आवाज़ और आभा के साथ हमेशा जीवित रहेंगी… क्या कलाकार हैं!’

गृह मंत्री अमित शाह का पोस्ट :

गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताते हुए लिखा, ‘आज हर भारतीय के लिए और विशेष रूप से मेरे जैसे हर संगीत प्रेमी के लिए एक दुखद दिन है क्योंकि हमारी प्यारी आशा भोसले जी अब हमारे बीच नहीं रहीं। आशा ताई ने न केवल अपनी मीठी आवाज और बेजोड़ प्रतिभा से एक अनोखी पहचान बनाई, बल्कि अपनी धुनों के माध्यम से भारतीय संगीत को और भी समृद्ध किया। संगीत की हर शैली में ढल जाने की उनकी असाधारण क्षमता ने हर किसी का दिल जीत लिया। आशा जी, जिन्होंने अपनी आवाज से लाखों दिलों को छुआ, उन्होंने न केवल हिंदी, मराठी, बंगाली, तमिल, गुजराती और कई अन्य भाषाओं में, बल्कि लोक गीतों में भी एक अमिट छाप छोड़ी। आशा ताई की आवाज में जितनी कोमलता थी, उनके स्वभाव में उतनी ही सादगी और अपनापन था। जब भी मैं उनसे मिलता था, तो हमारी संगीत और कला जैसे विषयों पर लंबी बातचीत होती थी। भले ही आज वह हमारे साथ न हों, लेकिन अपनी आवाज़ के ज़रिए वह हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगी। ईश्वर आशा जी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। मैं उनके परिवार और असंख्य प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति शांति शांति।’

महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पोस्ट :

भारत के राष्ट्रपति के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक बयान पोस्ट किया गया है। इसमें लिखा है, ‘आशा भोसले जी के निधन से संगीत की दुनिया में एक बहुत बड़ा खालीपन आ गया है। एक महान गायिका के तौर पर उनके शानदार करियर ने भारत में संगीत के एक पूरे दौर को परिभाषित किया है। उनके साथ व्यक्तिगत रूप से बातचीत करने की मेरी बहुत प्यारी यादें हैं। उन्होंने एक कलाकार और एक इंसान के तौर पर अपनी जिंदगी अपनी शर्तों पर जी। अपनी सुरीली और सदाबहार आवाज से उन्होंने दशकों तक भारतीय संगीत को समृद्ध किया। उनका संगीत हमेशा अमर रहेगा। उनका निधन संगीत प्रेमियों के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।’

प्रधानमंत्री ने दी श्रद्धांजलि :

PM मोदी ने ट्वीट कर आशा भोसले के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने लिखा, ‘आशा भोसले जी के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। वह भारत की सबसे मशहूर और बहुमुखी आवाजों में से एक थीं। दशकों तक चली उनकी असाधारण संगीत यात्रा ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर में अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। चाहे उनकी दिल को छू लेने वाली धुनें हों या उनकी जोशीली रचनाएं, उनकी आवाज में एक सदाबहार चमक थी। उनके साथ हुई मुलाक़ातों को मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे।’

सोनू निगम बोले दिल अभी भरा नहीं :

सोनू निगम ने आशा भोसले के साथ कुछ फोटोज शेयर की हैं जिसमें एक इवेंट में वह सिंगर के पैर धो रहे थे। इन फोटोज को शेयर कर सोनू ने लिखा, वह अपनी लाइफ खुलकर जीती थीं। उन्होंने लाखों लोगों की लाइफ को छुआ है अपनी आवाज से। आशा जी मैं हमेशा आपके साथ अपनी जर्नी को याद रखूंगा जब हमने लास्ट कॉन्सर्ट साथ में किया था। लास्ट में यही कहूंगा कि चले तो गए हो पर दिल अभी भरा नहीं। दूसरी दुनिया में आपसे मिलता हूं। ओम शांति..

श्रेया घोषाल ने कहा आपकी लीगेसी कभी खत्म नहीं होगी..

श्रेया घोषाल ने सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, ‘आज हमने उस आवाज को खो दिया जिन्होंने कई जनरेशन को मोटिवेट किया है और म्यूजिक से प्यार करवाया है। आशा भोसले जी सिर्फ महान हस्ती नहीं थीं बल्कि लिमिटलेस थीं। मैं उनके गानें सुनकर बड़ी हुई हूं। वह हर नोट को जिंदा कर देती थी, उनका हर इमोशन पर्सनल था। आशा ताई आपकी लीगेसी कभी खत्म नहीं होगी।’

योगी आदित्यनाथ ने आशा भोसले को कहा ‘स्वर साम्राज्ञी’ :

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत गायिका की तारीफ में लिखा, ‘भारतीय संगीत जगत की स्वर साम्राज्ञी, सुरों की महान साधिका, पद्म विभूषण आशा भोसले जी का निधन अत्यंत हृदयविदारक और कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके बेजोड़ गायन ने भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं। उनकी मधुर स्वरलहरियां देशवासियों के दिलों में सदैव गूंजती रहेंगी। मैं प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत पुण्यात्मा को शाश्वत शांति प्राप्त हो, और शोकाकुल परिवार व प्रशंसकों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति मिले।’

ऊषा उत्थुप ने कहा ये शानदार एरा का एंड है :

पॉप सिंगर ऊषा उत्थुप ने पीटीआई से बात करते हुए आशा भोसले के निधन पर कहा, ‘ये एक शानदार एरा का एंड हो गया है। वह काफी शानदार सिंगर थीं। विश्वास ही नहीं हो पा रहा है कि वह अब हमारे बीच नहीं रही हैं। हम भले ही रोज नहीं बात करते थे या मिलते थे, लेकिन जब मैं मुंबई में थी और प्रभु कुंज के पास से निकलती थी तो लता मंगेशकर को कॉल करती थी और उनके जाने के बाद मैं आशा जी से बात करने की कोशिश करती थी। उनके जैसा और कोई नहीं हो सकता।’

सुनील शेट्टी ने लिखा- एक युग का अंत :

सुनील शेट्टी ने ट्वीट कर लिखा, ‘कुछ आवाजें सिर्फ गाती नहीं हैं… वे आपकी जिंदगी का हिस्सा बन जाती हैं। आशा ताई उन्हीं में से एक थीं। हम सभी किसी न किसी तरह से उनके साथ बड़े हुए हैं…अपने घरों में, अपनी यात्राओं में, अपने शांत पलों में। आज एक युग का अंत कहना भी कम लगता है।’

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जताया शोक :

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्विटर पर लिखा, ‘अभी तीन महीने पहले ही मैं उनसे दोबारा मिला था। उस समय वह कुछ थकी हुई लग रही थीं, और अब उनके निधन की खबर मुझ तक पहुंची है। जिस तरह लता दीदी ने संगीत के माध्यम से वैश्विक मंच पर भारत का नाम रोशन किया, ठीक वैसा ही कमाल आशा ताई ने भी कर दिखाया। आशा ताई ने अनगिनत भाषाओं में गीत गाए। उनके गीत आने वाले कई वर्षों तक भारतीय संगीत प्रेमियों के दिलों में गूंजते रहेंगे। उनके निधन से पूरे संगीत जगत और भारत के सभी संगीत प्रेमियों पर शोक की लहर छा गई है। उनके परिवार को एक गहरा आघात लगा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आशा भोसले को किया याद :

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आशा भोसले को अपनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘दिग्गज गायिका, पद्म विभूषण और महाराष्ट्र भूषण आशा ताई भोसले के निधन की खबर बेहद दुखद है। तीन साल पहले ही उन्होंने अपना 90वां जन्मदिन बड़े उत्साह के साथ मनाया था। उनके जाने से, लता दीदी के बाद मंगेशकर परिवार का एक और सितारा टूट गया है। आज, सुरों का यह खूबसूरत बाग वीरान हो गया है। आशा ताई की आवाज़ ही संगीत की आत्मा थी। वह गायकी का सदाबहार मौसम थीं और भावनाओं का एक सुरीला सागर थीं। ‘तोरा मन दर्पण कहलाए’ जैसे रूह को छू लेने वाले गीतों से लेकर ‘खल्लास’ जैसे गानों तक, उन्होंने अलग-अलग तरह के भावों को बड़ी सहजता से अपनी आवाज दी।’

आशा के निधन पर अक्षय कुमार ने जताया शोक :

अक्षय कुमार ने ट्वीट कर लिखा, ‘आशा भोंसले जी के निधन से मुझे जो क्षति हुई है उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उनकी पक्की आवाज हमेशा हमेशा के लिए अमर रहेगी। ओम शांति।’

अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी :

आशा भोसले के परिवार ने नोट शेयर किया है। इस नोट में लिखा है, ‘ओम शांति। आप सदैव अमर रहेंगी, आशा भोसले जी। आशा जी के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन सोमवार, 13 अप्रैल, सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कासा ग्रांडे टावर A, सेनापति बापट मार्ग, लोअर परेल में होंगे। इसके बाद शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।’



admin
Author: admin

Leave a Comment

और पढ़ें

15 Best News Portal Development Company In India