बलरामपुर। कहते हैं मेहनत और सच्ची निष्ठा से कार्य किया जाए तो सफलता आपके कदम चुमेगी, इसे साबित किया है बलरामपुर जिले के छोटे से गांव सिविलदाग में रहने वाली अंजली खलखो ने। आज वह अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के बदौलत इंडियन बेसबाल टीम से खेलकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही है। अंजली ने हाल ही में हांगकांग में आयोजित वूमेंस एशिया बेसबॉल चौम्पियनशिप में इंडियन टीम का हिस्सा रहीं। जिसमें इंडियन टीम एशिया लेवल पर 06 वें स्थान पर रही। अंजली आगामी दिसम्बर माह में कनाडा में होने वाली प्रतियोगिता में शामिल होंगी।
किसान रिजू खलखो एवं महिला बाल विकास विभाग में कार्यरत कर्मचारी राजमणी खलखो की पुत्री अंजली बताती है कि उसने कक्षा 6 वीं से ही बेसबॉल खेलना शुरू कर दिया था। अपनी उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने परिवार, कोच अख्तर खान, अपनी र्स्पाेटस् टीचर हेमलता को देते हुए कहती हैं कि सभी ने बचपन से उन्हें खेलने के लिए लगातार प्रेरित किया है। अंजली कहती हैं कि उनके वर्तमान उपलब्धियों में उनके पारिवारिक सहयोग के साथ-साथ छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी पारिवारिक आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उन्होंने शासन-प्रशासन से सहयोग के लिए गुहार लगाई। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन का उन्हें भरपूर सहयोग मिला। जिसके कारण वे आज इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं।
अंजली की प्राथमिक शिक्षा लरंगी और रातासिली जैसे शासकीय प्राथमिक शालाओं से हुई है। इसके बाद कक्षा 6 वीं की शिक्षा उन्होंने बिलासपुर से ली। वर्तमान में वे रायपुर में बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन में अध्ययनरत हैं। बिलासपुर में ही उन्होंने अपने खेल की शुरुआत की जिसके बाद वे अनुभाग, जिला और राज्य स्तर पर खेलते हुए भारतीय टीम का हिस्सा बनी।











