राजनांदगांव। उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ आज छत्तीसगढ़ में भाजपा का प्रचार-प्रसार कर रहे राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव में चुनावी सभा ली और डोंगरगांव भाजपा प्रत्याशी भरत वर्मा के लिए वोट मांगा। आमसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, यूपीवासियों के लिए छग की धरती ननिहाल जैसा है, छग अपनी प्राकृतिक सम्पदा के कारण जाना जाता है, लेकिन कांग्रेस की 5 साल की सरकार ने छग को बदहाल कर दिया है।

योगी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान यहां की प्राकृतिक संपदा के जरिए होती है, लेकिन कांग्रेस की सरकार ने छत्तीसगढ़ को लूटकर बदहाल कर दिया। संसाधनों का दोहन कर राज्य को सालों पीछे धकेल दिया, योगी ने कहा कि हम सत्ता में आए तो हमने वो किया जो हमने वादा किया था। कांग्रेस ने जो वादा जनता से सरकार में आने के बाद किया था उस वादे को उसने नहीं निभाया। हमने तो देश में वैक्सीन मुफ्त में लोगों को लगवाई, मुफ्त में दुनियाभर को वैक्सीन दी, लेकिन आपने क्या किया छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का अड्डा कांग्रेस का एटीएम बना दिया। राजनांदगांव के बाद कवर्धा के पंडरिया में भी योगी ने भूपेश बघेल को निशाने पर लेते हुए कहा कि इस सरकार से किसान और आम आदमी दोनों परेशान है। जनता बदलाव चाहती है और बीजेपी को फिर लाना चाहती है।
भगवान श्रीराम का है यहां ननिहाल : चुनावी सभा में बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पावन धरती है, माता कौशल्या की जन्मभूमि और रामजी का ननिहाल। ऐसे पावन धरती पर भ्रष्टाचारियों को नहीं रहना चाहिए और यहां भ्रष्टाचारीयों को निचोड़ कर रख दिया जाएगा। गांव गरीबों और किसानों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के लोगों को लिए पीएम आवास योजना बनाई परंतु राज्य सरकार ने पीएम आवास योजना के तहत मकानों को नहीं बनने दिया।
गोबर में भी घोटाला कर दिया : जनता से सीधा सवाल पूछते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पांच सालों में आपका भाग्य कितना बदला मुझे बताएं? कांग्रेस की सरकार ने पांच सालों में इतने भ्रष्टाचार किए जिसे गिनाना भी असंभव है। गोबर खरीदी में घोटाला कर दिया, गौठानों में भ्रष्टाचार की बेल उगा दी। योगी ने कहा कि जब हम सत्ता में आएंगे तो सबसे पहले गरीबों और किसानों को 18 लाख मकान बनाकर देंगे। गरीबों का पक्के मकान का सपना हम पूरा करेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा ‘अऊर नहीं सहिबो, बदल के रहिबो’: राजनांदगांव और पंडरिया की सभा से योगी ने कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प कराया और कहा कि भगवान राम के ननिहाल से ये संदेश जाना चाहिए कि अब हम इस भ्रष्टाचारी सरकार को बदलने वाले हैं, तभी रामराज्य का सपना छत्तीसगढ़ में साकार होगा।












