Search
Close this search box.

टी20 रैंकिंग में विराट कोहली की टॉप-10 में एंट्री, सूर्यकुमार यादव को हुआ नुकसान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दुबई: भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) पाकिस्तान के खिलाफ अपनी शानदार पारी के दम पर टी20 रैंकिंग (T20 Rankings) में बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष-10 में शामिल हो गए। कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 82 रन की लाजवाब पारी खेली थी, जिससे भारत ने यह मैच आखिरी गेंद पर अपने नाम किया था। इस पारी के दम पर कोहली पांच पायदान की छलांग लगाकर नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं।

यूएई में हुए एशिया कप से पहले विराट रैंकिंग में 35वें स्थान पर थे। उन्होंने टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ फिफ्टी लगाई थी। आखिरी मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ विराट के बल्ले से शतकीय पारी निकली थी। एशिया कप के बाद वह रैंकिंग में 15वें स्थान पर पहुंच गए थे। अब वर्ल्ड कप के पहले मैच में धमाकेदार पारी खेलकर वह 9वें नंबर पर आ गए हैं।

रिजवान टॉप पर बरकरार

पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान (849 रेटिंग अंक) शीर्ष स्थान पर काबिज हैं जबकि न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे (831) तीन पायदान चढ़कर सूर्यकुमार यादव की जगह दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। कॉन्वे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 58 गेंदों पर नाबाद 92 रन की पारी खेली थी जिससे न्यूजीलैंड ने मौजूदा चैंपियन को 89 रन से हराया था। रिजवान भारत के खिलाफ 12 गेंदों पर सिर्फ 4 रनों की पारी खेल पाए थे।

पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में सूर्या ने अच्छी शुरुआत की थी लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। सूर्यकुमार के 828 रेटिंग अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। उनके बाद पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (799) और दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्कराम (762) का नंबर आता है। भारत के खिलाफ मैच में बाबर आजम का खाता भी नहीं खुला था। वह पहली ही गेंद पर अर्शदीप सिंह का शिकार बन गए थे।

admin
Author: admin

Leave a Comment

और पढ़ें

15 Best News Portal Development Company In India