अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के मुख्य चिकित्सालय में 4 बच्चों की मौत हो गई, जो अस्पताल के SNCU (Special Newborn baby care Unit) में भर्ती थे। इस बीच रविवार रात को यहां बिजली गुल हुई, सोमवार तड़के सुबह जानकारी मिली कि 4 बच्चों की जान चली गई है। घटनाक्रम के पश्चात परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
वहीं दूसरी तरफ अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि बिजली गुल हुई थी, परंतु वैंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट चालू था। बच्चों की हालत पहले से क्रिटिकल थी। जानकारी मिलते ही मौके पर अस्पताल के डीन आर मूर्ति, कलेक्टर कुंदन कुमार और सीएमएचओ पीएस सिसोदिया अस्पताल पहुंच कर घटना का जायज़ा लिया।
जानकारी मिलते ही प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सरगुजा विधायक टीएस सिंहदेव का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि 4 बच्चों की मौत की जानकारी मुझे मिली है। इसलिए विभागीय प्रमुख अधिकारी, हेल्थ सेक्रेटरी को फोन कर तत्काल एक जांच टीम गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जाँच में किसी प्रकार की कमी मिली तो कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि पिछले वर्ष भी संभाग के प्रमुख मैडिकल कालेज व अस्पताल में भर्ती 4 नवजात बच्चों की 3 घंटे के भीतर मौत हो गई थी। सभी नवजात एसएनसीयू में भर्ती थे। पखवाडे भर में ही अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के अभाव और स्टाफ की घोर लापरवाही के कारण प्रसव के दौरान एक मां और उसके बच्चे की मौत हो गई थी।











