रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस में नव वर्ष के आरंभ होते ही वरिष्ठ रैंक के अफसरों की संख्या बढ़ने वाली है। राज्य में 17 आईपीएस पदोन्नति होगी, जिसमें रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह के साथ सीएम के गृह जिला संभाल रहे शशिमोहन सिंह भी शामिल हैं। ये सभी अफसर 2011 और 2012 बैच के हैं। छत्तीसगढ़ के दुर्ग और राजनांदगांव पुलिस रेंज के प्रभारी आईजी अब पूर्णकालिक आईजी बनेंगे। रामगोपाल गर्ग और दीपक झा 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। डीआईजी रहने की वजह से दोनों को प्रभारी आईजी बनाया गया था, नए साल में प्रमोशन के बाद पूर्णकालिक आईजी बन जाएंगे। कयास हैं कि जनवरी में प्रमोशन आदेश जारी हो सकता है।
7 आईपीएस होंगे डीआईजी :
2 वर्ष पहले सेलेक्शन ग्रेड पा चुके 2011 बैच के 7 आईपीएस अधिकारी अब डीआईजी रैंक पर प्रमोट होंगे। इनमें संतोष कुमार सिंह, इंदिरा कल्याण एलिसेला, गोवर्धन सिंह ठाकुर, तिलक राम कोशिमा, प्रशांत कुमार ठाकुर, अजातशत्रु बहादुर सिंह और लाल उमेद सिंह शामिल हैं। लाल उमेद सिंह इस समय रायपुर, इंदिरा कल्याण ऐलेसेला कांकेर और प्रशांत ठाकुर सूरजपुर के एसएसपी हैं।
8 आईपीएस को मिलेगी सेलेक्शन ग्रेड :
छत्तीसगढ़ में भारतीय पुलिस सेवा के 8 अधिकारियों को सलेक्शन ग्रेड मिलना है, जिसमें आशुतोष सिंह, विवेक शुक्ला, शशि मोहन सिंह, राजेश कुकरेजा, श्वेता राजमणि, राजेश अग्रवाल, विजय अग्रवाल और रामकृष्ण साहू शामिल हैं। वहीं आईपीएस प्रमोशन के बाद छत्तीसगढ़ में 5 एसएसपी और बढ़ जाएंगे। 2102 बैच के पांच आईपीएस इस समय विभिन्न जिलों में पुलिस अधीक्षक हैं, इनमें आशुतोष सिंह महासमुंद, विवेक शुक्ला जांजगीर, शशिमोहन सिंह जशपुर, विजय अग्रवाल बलौदा बाजार और रामकृष्ण साहू बेमेतरा शामिल हैं।












