मोहला-मानपुर। पूरे प्रदेश का मौसम खेती के वतावरण में तब्दील हो चुका है, वहीं खाद की कमी और सड़क-पुल निर्माण में भ्रष्टाचार को लेकर आज कांग्रेसियों ने मोहला में चक्काजाम कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायक इंद्रशाह मंडावी ने भाजपा नेताओं पर टिप्पणी करते हुए कहा, चाहे भावना बोहरा हो या कोई भी, इनको जनता से कोई मतलब नहीं है, इनको हीरो हीरोइन बनने और रील बनाने से मतलब है।
बीजेपी का मैनपाट में आयोजित प्रशिक्षण शिविर को लेकर विधायक इंद्रशाह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, इधर किसान खाद के लिए मर रहे हैं और उधर ये लोग मैनपाट में डांस कर रहे हैं। इसका जवाब जनता को आने वाले चुनाव में देना होगा। उन्होंने कहा कि 15 दिन में किसानों को अगर खाद नहीं मिला तो दोबारा चक्काजाम करेंगे, भले ही जेल जाना पड़े।

वही दूसरी तरफ कांग्रेस ने तखतपुर क्षेत्र में बदहाल सड़क, बिजली और पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस ने आज धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेता आशीष सिंह ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शित किया। उन्होंने सड़क पर हुए गड्ढों की पूजा अर्चना कर राहगीरों की सलामती की प्रार्थना करते हुए जल्द गड्ढों के भर जाने की कामना की। तखतपुर बरेला को जोड़ने वाले मनियारी पुल के पास कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के विरुद्ध जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आशीष सिंह ने कहा कि तखतपुर की जनता के साथ बड़ा धोखा किया जा रहा है, उन्होंने आरोप लगाया कि यहां के जनप्रतिनिधि का डर इतना व्याप्त है कि कोई भी इस अन्याय के विरोध में नहीं बोल पा रहा है यदि कोई किसी वॉट्सएप ग्रुप में कुछ लिख दे तो उसके पास धमकी भरे फोन आ जाते हैं। इस प्रदर्शन को लेकर भी कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धमकी भरा फोन आया था, लेकिन कांग्रेसी इससे डरने वाले नहीं हैं।












