रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवा धावक अनिमेष कुजूर ने ग्रीस के एथेंस में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में 100 मीटर दौड़ को मात्र 10.18 सेकेंड में पूरा कर भारत के लिए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हम सभी के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि छत्तीसगढ़ के अनिमेष कुजूर ने ग्रीस में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में 100 मीटर दौड़ को मात्र 10.18 सेकेंड में पूरा कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया है। इससे पहले अनिमेष ने दक्षिण कोरिया में हुए एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 200 मीटर दौड़ को 20.32 सेकेंड में पूरा कर एक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
उनका यह प्रदर्शन न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है। प्रदेश सरकार युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
हुनर कभी भी रास्तें बदल देती है :
अनिमेष कुजूर जशपुर जिले के आदिवासी गांव घुइतांगर से ताल्लुक रखते हैं। उनके माता-पिता दोनों छत्तीसगढ़ पुलिस में डीएसपी पद पर कार्यरत हैं। इनका कहना है कि उन्हें बेटे पर गर्व है, यह सिर्फ शुरुआत है। सैनिक स्कूल अंबिकापुर से बारहवीं तक की पढ़ाई करने वाले अनिमेष ने कभी नहीं सोचा था कि दौड़ उनका करियर बन जाएगी। उनका सपना था सेना में भर्ती होने का, वह 2020 में 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद फौज की तैयारी में जुटे थे लेकिन उसी दौरान फुटबॉल खेलते-खेलते उन्हें तेज दौडने का रास्ता मिल गया। कोरोना महामारी के दौरान दोस्तों के कहने पर उन्होंने एक ओपन टूर्नामेंट में 100 मीटर दौड़ में हिस्सा लिया और वहीं से करियर ने एक धावक के रूप में उड़ान भर दी।












