अंबिकापुर। प्रकाश सिंह : सरगुजा मैनपाट के कंदनई इलाके में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनाई गई सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कंदनई से लोटाभवना को जोड़ने वाली करीब 2.5 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के कुछ ही दिनों बाद उखड़ने लगी है। हालत यह रही कि सड़क की डामर और गिट्टियां हाथ से ही निकलने लगी है। स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ठेकेदार और संबंधित सब इंजीनियर की मिलीभगत से घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिससे करोड़ों की सरकारी योजना में भ्रष्टता हुई। ग्रामीणों के अनुसार सड़क का निर्माण हाल ही में पूरा हुआ था परंतु अगले दिन ही उसकी परतें उखड़ने लगीं। लोगों ने सड़क की खराब गुणवत्ता का वीडियो और फोटो भी सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अजीत बसंत ने संबंधित सब इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं प्रधानमंत्री सड़क योजना के मुख्य कार्यपालन अभियंता विकास कौशिक ने मामले की जानकारी मिलते ही गुणवत्ता विहीन सड़क को बुलडोजर से उखड़वाया और ठेकेदार को सड़क का पुनर्निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने के निर्देश दिए। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और ग्रामीण दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।










