नई दिल्ली/रायपुर। प्रकाश सिंह : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। मेन्स क्लियर करने के बाद जो कैंडिडेट इंटरव्यू में शामिल हुए थे वह अपना रिजल्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर देख सकते हैं। वेबसाइट पर रिजल्ट पीडीएफ फॉर्मेट में उपलब्ध है। इस पीडीएफ फाइल में शॉर्टलिस्ट कैंडिडेट का नाम है। इस परीक्षा परिणाम में यूपी के प्रयागराज की रहने वाली शक्ति दुबे ने टॉप किया है। वहीं हर्षिता गोयल ने सेकेंड पोजिशन हासिल की है।

शक्ति और हर्षिता के अलावा टॉप 10 टॉपर्स की सूची में डोंगरे अर्चित पराग (867282), शाह मार्गी चिराग (108110), आकाश गर्ग (833621), कोमल पुनिया (818290), आयुषी बंसल (6902167), राज कृष्णा झा (6613295), आदित्य विक्रम अग्रवाल (849449), मयंक त्रिपाठी (5400180) का नाम शामिल है।
प्रयागराज में जन्मी शक्ति दुबे एक मध्यम परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा और ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई प्रयागराज से ही पूरी की। इसके बाद उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से बायोकेमिस्ट्री में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। पीजी होने के बाद उन्होंने 2018 से सिविल सेवा की तैयारी शुरू की थी।

छत्तीसगढ़ का यूपीएससी में धमाल :
रायपुर की पूर्वा अग्रवाल ने अपने तीसरे प्रयास में UPSC में 65वीं रैंक हासिल की है। वहीं, जगदलपुर की मानसी जैन को 444वीं और अंबिकापुर के केशव गर्ग को 496वीं रैंक मिली है। वहीं अंबिकापुर की शची जायसवाल को UPSC में 654वीं रैंक मिली है। मुंगेली के अर्पण चोपड़ा को 313वीं और राजिम के अंकित धवानी को 273वीं रैंक मिली है। इसे मिलाकर UPSC 2024 के लए छत्तीसगढ़ के 6 छात्रों का चयन हुआ है। इसमें 3 लड़कियां और 3 लड़के शामिल हैं।

वहीं यूपीएससी परीक्षा के लिए कुल 9,92,599 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिसमें 5,83,213 उम्मीदवार वास्तव में परीक्षा में उपस्थित हुए। कुल 14,627 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए योग्य पाए गए। यह परीक्षा सितंबर 2024 में आयोजित हुई थी। मुख्य परीक्षा में कुल 2,845 उम्मीदवार साक्षात्कार के लिए चुने गए। यह इंटरव्यू परीक्षा इस साल 7 जनवरी से 17 अप्रैल के बीच आयोजित हुई थी। इनमें कुल 1,009 उम्मीदवार सिविल सेवा के विभिन्न संवर्गों के लिए योग्य पाए गए।












